छठ के बाद बिहार से दिल्ली लौटने वाले यात्रियों की भीड़ से श्रमजीवी एक्सप्रेस में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। स्लीपर और एसी कोच में लंबी वेटिंग है। आरक्षित डिब्बों में भी भीड़ से यात्री परेशान हैं।
छठ महापर्व के समापन के बाद बिहार से दिल्ली और अन्य महानगरों की ओर कामकाज के लिए लौटने वाले प्रवासी मजदूरों और कामकाजी लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। इसका असर ट्रेनों में टिकटों की उपलब्धता और यात्रियों की परेशानी के रूप में सामने आ रहा है। राजगीर से नई दिल्ली जाने वाली प्रमुख ट्रेन श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12391/12392) में अगले एक सप्ताह तक कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। स्लीपर से लेकर एसी श्रेणी तक लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। कई तारीखों में तो टिकट बुकिंग भी बंद हो चुकी है।
मंगलवार सुबह 9 बजे तक रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, राजगीर और बिहार शरीफ से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 12391 के स्लीपर कोच में 24 नवंबर तक 93 से 128 तक वेटिंग चल रही है। एसी श्रेणियों में भी स्थिति गंभीर है। थर्ड एसी (3A) और सेकंड एसी (2A) में वेटिंग 41 से लेकर 111 तक पहुंच गई है। भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 20 और 21 नवंबर को सेकंड एसी में टिकट बुकिंग 'रिग्रेट' की स्थिति में पहुंच गई है। यानी इन तारीखों के लिए अब टिकट बुक नहीं हो पा रहे हैं। वहीं, फर्स्ट एसी (1A) में भी 22 नवंबर तक वेटिंग 15 तक पहुंच गई है।
दूसरी ओर, नई दिल्ली से बिहार लौटने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस (12392) में भी अगले सात दिनों तक वेटिंग 100 से अधिक है। सामान्य कोटे में सीटें फुल होने के कारण यात्रियों के पास अब यात्रा से एक दिन पहले खुलने वाले तत्काल टिकट का ही विकल्प बचा है। .ads-row{display:flex;gap:10px;flex-wrap:wrap;}
राजगीर से दिल्ली जाने के लिए आरक्षण कराने वाले यात्री मुकेश शर्मा ने बताया कि रिजर्वेशन कराने का कोई फायदा नहीं दिख रहा है। पूरी ट्रेन में लोकल और बिना टिकट यात्री भर गए हैं। भीड़ इतनी अधिक है कि जिस सीट का टिकट है, वहां तक पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है। ट्रेन में चढ़ने के दौरान भी काफी परेशानी हो रही है। आईआरसीटीसी का सर्वर डाउन, काउंटर पर रातभर लाइन में लग रहे लोग टिकट बुकिंग की परेशानी ने भी यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महिला यात्री सुबी ने ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान भारी भीड़ के बावजूद कम सीटें दिखाई देती हैं। टिकट बुक करने की प्रक्रिया के दौरान आईआरसीटीसी ऐप का सर्वर डाउन हो जाता है। जब तक प्रक्रिया पूरी होती है, टिकट वेटिंग या आरएसी में पहुंच जाता है।
उन्होंने बताया कि दो महीने पहले टिकट बुक कराने के बावजूद पहले आरएसी मिला था, जो बाद में किसी तरह कन्फर्म हुआ। वहीं, दिल्ली में पढ़ रहे अपने बच्चे के लिए टिकट लेने आए राजेश कुमार ने बताया कि ऑनलाइन टिकट नहीं मिलने पर उन्हें रेलवे काउंटर का सहारा लेना पड़ा। रातभर जागकर लाइन में पहले या दूसरे नंबर पर खड़े रहने के बाद बड़ी मुश्किल से एक टिकट मिल पाया। इसके तुरंत बाद सीटें फुल हो गईं।
इस भारी भीड़ का असर पटना की ओर जाने वाली लोकल ट्रेनों में भी देखने को मिल रहा है। इन ट्रेनों में भी यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। फिलहाल, लंबी वेटिंग लिस्ट और आरक्षित डिब्बों में अनधिकृत रूप से यात्रियों के प्रवेश के कारण आम यात्रियों का सफर मुश्किल हो गया है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!