देशभर में मॉनसून अपने अंतिम फेज में है और विदाई से पहले सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग (IMD) ने 2 सितंबर को देश के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बुधवार को मौसम खराब रहने की संभावना है. कई इलाकों में 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तर तटीय ओडिशा, झारखंड और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटे में उत्तर ओडिशा और झारखंड से होते हुए पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है. इस सिस्टम के कारण मध्य और पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है. आईएमडी के 7 दिन के पूर्वानुमान से संकेत मिलता है कि सितंबर की शुरुआत में बारिश का यह दौर तुरंत थमने वाला नहीं है. मध्य और पूर्वी भारत में मॉनसून सक्रिय रहेगा, जबकि उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में भी कई जगह भारी बारिश की स्थिति बन सकती है.
मध्य प्रदेश के कटनी, विदिशा, सिवनी, दमोह, नर्मदापुरम, खरगोन, मंडला, खंडवा, बैतूल, नरसिंहपुर, इंदौर, सागर, छिंदवाड़ा और सीधी में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. भोपाल में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. छत्तीसगढ़ में भी मॉनसून की गतिविधियां तेज रहेंगी. राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. सितंबर के शुरुआती दिनों में पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है.
दिल्ली-NCR में आंधी और बारिश का अलर्ट
देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 2 सितंबर की देर शाम तक तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिल्ली के साथ हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की आशंका है. हरियाणा के फरीदाबाद, जींद, कैथल, रेवाड़ी, यमुनानगर, सिरसा, रोहतक, भिवानी, गुरुग्राम, फतेहाबाद, हिसार, झज्जर, सोनीपत, पानीपत और पलवल में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
यूपी के इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश
उत्तर प्रदेश में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है. मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, आजमगढ़, सोनभद्र, महाराजगंज, मिर्जापुर, बलिया, देवरिया, सिद्धार्थनगर, मुरादाबाद, कानपुर, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, बहराइच, कन्नौज, प्रयागराज, गोरखपुर और कुशीनगर में बारिश और आंधी की चेतावनी है. इन इलाकों में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है.
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के कई जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट है. सिवान, गया, जहानाबाद, पटना, बक्सर, रोहतास, कैमूर, मधेपुरा, पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, बांका, मुंगेर और जमुई में तेज बारिश हो सकती है. यहां करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. पटना में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
झारखंड-बंगाल में भी होगी बारिश
झारखंड में रांची, रामगढ़, पाकुड़, जामताड़ा, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा, सरायकेला और गुमला में मूसलाधार बारिश की चेतावनी है. यहां 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिम बंगाल में हावड़ा, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, कोलकाता, अलीपुरद्वार, दुर्गापुर और कूचबिहार समेत कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. हवाओं की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पहाड़ों में लैंडस्लाइड का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. उत्तराखंड के पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, ऋषिकेश और बागेश्वर में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. यहां करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, कुल्लू, शिमला, किन्नौर, सोलन और मंडी में भारी बारिश की संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है. जम्मू-कश्मीर में भी जम्मू, रियासी, राजौरी, रामबन, कुलगाम, पुंछ, पुलवामा और कुपवाड़ा में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान, पंजाब और अन्य राज्यों में भी बारिश
राजस्थान के झुंझुनू, टोंक, बारां, बूंदी, दौसा, भरतपुर, भीलवाड़ा, बाड़मेर, अलवर, झालावाड़, जैसलमेर, करौली, उदयपुर, सवाई माधोपुर और जयपुर में बारिश और आंधी की संभावना है. तेज हवाओं की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पंजाब के लुधियाना, कपूरथला, चंडीगढ़, फरीदकोट, फिरोजपुर, संगरूर, अमृतसर, होशियारपुर, गुरदासपुर, बठिंडा और बरनाला में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है.
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के साथ नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है. दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, कर्नाटक और तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक में बारिश अपेक्षाकृत ज्यादा व्यापक रहने की संभावना है. वहीं कोंकण और गोवा में भी बारिश जारी रह सकती है. गुजरात, महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कुछ जगहों पर बिखरी बारिश का अनुमान है.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!