यूपी के कानपुर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में हुए चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा (63) हत्याकांड में पुलिस की जांच में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में साजिशकर्ता बहू शालू और हत्या को अंजाम देने वाले विशाल गौतम व राजकिशोर को जेल भेज दिया है। अब पुलिस के हाथ शालू और मुख्य हत्यारोपी विशाल के बीच की व्हाट्सएप चैट्स लगी हैं, जिनसे पता चलता है कि हत्या की यह खौफनाक साजिश तीन महीने पहले ही रचनी शुरू कर दी गई थी। .metering_wall_container {min-height:58px;max-height:58px;position:relative;transition:max-height 0.5s ease-in-out;}
व्हाट्सएप चैट से खुला साजिश का राज वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा रिकवर की गई चैट्स से खुलासा हुआ है कि शालू ने विशाल को ससुर की हत्या के लिए राजी करने के लिए एक सोची-समझी चाल चली थी। शुरुआत में विशाल केवल 'गुड मॉर्निंग' और 'गुड नाइट' के मैसेज भेजता था, जिसका शालू जवाब नहीं देती थी। लेकिन करीब तीन महीने पहले शालू ने सुनियोजित तरीके से बातचीत शुरू की। एक रिकवर हुई चैट में शालू ने विशाल की तारीफ करते हुए लिखा, "तुम यार हो तो स्मार्ट..."। उसने विशाल से उसकी गर्लफ्रेंड और अब तक शादी न होने को लेकर भी सवाल किए। पुलिस का मानना है कि इन्ही बातों में उलझाकर शालू ने उसे हत्या के लिए तैयार किया।
कई बार बदली गई हत्या की योजना जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पहले कारोबारी को सड़क हादसे में मारने की साजिश रची थी, लेकिन व्यस्त ट्रैफिक और पकड़े जाने के डर से यह योजना टाल दी गई। इसके बाद सोते समय तकिए से मुंह दबाकर हत्या का प्लान बनाया गया। हालांकि, शनिवार की रात जब विनीत मिनोचा अपने कमरे को लॉक करने लगे, तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया और धारदार हथियारों से डेढ़ दर्जन से अधिक वार कर उनकी नृशंस हत्या कर दी।
सबूत मिटाने की कोशिश और पुलिस की कार्रवाई डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि हत्या के बाद विशाल ने सबसे पहले शालू के साथ की गई चैट्स डिलीट की थीं। हालांकि, व्हाट्सएप कॉल लिस्ट पूरी तरह डिलीट नहीं हो सकी। पुलिस ने बातचीत के रिकॉर्ड्स और चैट्स रिकवर कर ली हैं, जिन्हें कोर्ट में मजबूत साक्ष्य के तौर पर पेश किया जाएगा। चौंकाने वाली बात यह भी है कि हत्याकांड वाले दिन विशाल की कारोबारी के बेटे से भी फोन पर बात हुई थी। अब पुलिस फ्लैट की वह डुप्लीकेट चाबी बरामद करने के लिए कोर्ट से विशाल की कस्टडी रिमांड मांगने जा रही है, जिसे उसने हत्या के बाद अपार्टमेंट से कुछ दूरी पर फेंक दिया था।
क्या था पूरा मामला? विनीत मिनोचा एक बड़े दवा कारोबारी थे। शनिवार देर रात जब उनका बेटा सुब्रत और बहू शालू पार्टी करने गए थे, तब इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। तड़के 4:13 बजे जब वे वापस लौटे, तो कमरे में खून से लथपथ शव पड़ा था। पुलिस ने अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें एक पूर्व कर्मचारी (विशाल) समेत दो लोग फ्लैट में घुसते और निकलते दिखे थे, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई और पूरी वारदात का पर्दाफाश हुआ।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!