बिहार जनता दल यूनाइटेड(जेडीयू) की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को पटना पार्टी ऑफिस में संपन्न हुई। नीतीश कुमार के पुत्र सम्राट चौधरी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की मौजूदगी में पार्टी के नेताओं की अहम बैठक हुई जिसमें पार्टी के कई विधायक, पूर्व विधायक, एमएलसी, पूर्व एमएलसी समेत सभी बड़े और महत्वपूर्ण नेता शामिल हुए। बताया जा रहा है कि आगामी विधान परिषद चुनाव में एकजुटता और मजबूती बनाए रखने के लिए यह बैठक बुलाई गई थी। खासकर पटना स्नातक विधान परिषद क्षेत्र के सभी विधायकों और पार्टी के नेताओं को बुलाया गया था। मीटिंग में पटना स्नातक सीट से एमलसी और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार और मोकामा के एमएलए अनंत सिंह भी शामिल हुए। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच चल रही तनातनी को सुलझाने की कवायद की चल रही है जिसके लिए प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री श्रवण कुमार को जिम्मा दिया गया है।
बैठक के बाद पटना स्नातक एमएलसी के उम्मीदवार नीरज कुमार ने बताया कि निशांत कुमार ने सभी नेताओं से आग्रह किया है पूरी पार्टी एकजुट होकर विधान परिषद का चुनाव लड़े ताकि सभी 8 सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित हो सके। इस पर सभी नेताओं ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि बैठक बहुत अच्छी रही। अनंत सिंह की नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। अगर वे नाराज होते तो बैठक में क्यों आते। सभी लोगों ने निशांत जी के आग्रह को स्वीकार किया है। हालांकि, बैठक से निकले अनंत सिंह ने मीडिया से किनारा कर लिया। किसी सवाल का जवाब दिए बगैर अपनी गाड़ी बैठ गए। मीडिया कर्मी कहते रह गए लेकिन अनंत सिंह ने कार का शीशा भी नहीं खोला।
सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि एमएलसी चुनाव में नीरज कुमार का विरोध करने और अनुज कुमार को समर्थन देने के अनंत सिंह का बयान आने के बाद यह बैठक बुलाई गई जिसमें दोनों नेताओं के बीच विवाद को निपटाने और सुलह कराने का प्रयास किया गया। बैठक के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि जदयू के सभी विधायक एकजुट हैं। पटना समेत सभी विधान परिषद सीटों पर पार्टी सकारात्मक रूप से चुनाव लड़ेगी। एनडीए के अन्य साथी दलों से भी भविष्य में बात होगी। बताया जा रहा है कि निशांत कुमार के प्रस्ताव के विरोध में अनंत सिंह ने भी कोई बात नहीं कहा।
अनंत सिंह जब मीटिंग से बाहर निकले तो पत्रकारों के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। लेकिन, पिछले दिनों शराब पीकर चार युवकों की मौत के बाद उनके परिजनों से मिलने जब वे बाढ़ के बेढना गांव गए थे तो भूचाली बयान दिया था। उन्होंने खुलकर कहा था कि पटना स्नातक सीट पर अनुज कुमार को समर्थन देंगे। इस क्षेत्र के सभी 26 विधान सभा के नेता और कार्यकर्ता अनुज सिंह को मदद कर रहे हैं। नीरज कुमार को समर्थन देने के सवाल पर कहा कि जो हमको सपोर्ट नहीं करता है उसको कैसे सपोर्ट करेंगे।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!