पेट्रोल में गन्ने का जूस विवाद के बाद अब यूपी में पेट्रोल में पानी मिलने का आरोप है। कानपुर में कल्याणपुर के मकड़ीखेड़ा स्थित शिवाय फिलिंग स्टेशन पर लोगों ने हंगामा किया। मकड़ीखेड़ा में बीपीसीएल का शिवाय फिलिंग स्टेशन गौरव त्रिपाठी का है। मंगलवार को पेट्रोल पंप पर जिन वाहन स्वामियों ने पेट्रोल भराया, उनके वाहन बंद होने लगे। उन्होंने पेट्रोल खराब और पानी मिलाए जाने के शक पर पंप में हंगामा किया।
लोगों का कहना है कि मैनेजर ने गलती मानने के बजाय उन लोगों से अभद्रता की। इसकी बाद पुलिस और प्रशासन से शिकायत कर दी। मौके पर पुलिस पहुंची और पेट्रोल को बोतल में भराकर देखा तो पानी की तरह पदार्थ निकला। शिकायत पर पहुंचे जिलापूर्ति अधिकारी ने जांच के दौरान टैंक में भरे करीब 20 हजार लीटर पेट्रोल को नष्ट कराकर पंप सील कर दिया। मामले की जांच के लिए बीपीसीएल को पत्र भेजा गया है। जांच पूरी होने तक पेट्रोल की बिक्री बंद रहेगी।
जानकारी पर जिलापूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह जांच करने पंप पहुंचे। उन्हें भी नोजल से पेट्रोल की जगह पानी निकलता पाया। तत्काल टंकी में भरा गया 20 हजार लीटर पेट्रोल फिंकवा दिया। रस्सी लगवाकर पंप को सील करवा दिया। जिलापूर्ति अधिकारी, अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि पंप के नोजल से पेट्रोल की जगह पानी निकल रहा है। इसलिए पूरे पंप को सील करा दिया गया है। डीजल में किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली है। प्राथमिक जांच में पता चला कि पेट्रोल टैंक में पानी गया है।
कल्याणपुर के मकड़ीखेड़ा में स्थित शिवाय पंप से पेट्रोल की जगह पानी मिलने पर वाहन स्वामियों का गुस्सा भड़क उठा। रास्ते में गाड़ियां बंद होने के बाद वापस पहुंचे लोगों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि मैनेजर ने गलती मानने के बजाय अभद्रता की। इससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने नोजल से बोतल में पेट्रोल निकाला तो भी पानी जैसा तरल पदार्थ आने लगा। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। हालांकि आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं लोगों ने पेट्रोल के पैसे वापस करने की मांग शुरू कर दी। करीब 25 वाहनों की टंकी खाली कराकर उन्हें रुपये वापस किए गए।
सुबह सात बजे पंप खुलने के बाद से ही उसमें पानी निकलने की शिकायत आने लगी थी। 10 बजे तक हंगामा और पुलिस के पहुंचने के बावजूद आला अफसर आंखें बंद किए रहे। पूरा दिन सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बावजूद डीएसओ रात आठ बजे जांच करने पहुंचे। पंप सील किया।
शिवाय फिलिंग स्टेशन के मालिक गौरव त्रिपाठी का कहना है कि पानी लगातार बरस रहा था। टैंक में कहां से आया, इसकी कोई जानकारी नहीं है। सोमवार रात को टैंक में 20 हजार लीटर पेट्रोल लोड हुआ था। सुबह पांच-पांच लीटर निकाल वीडियो बना जांच करके देखा गया। शिकायत पर बिक्री को रोका गया था। पूरे पेट्रोल को फिंकवाया गया। पेट्रोल लेने वाले ग्राहकों की टंकी साफ कराकर उनको पैसा वापस किया गया। पंप को बंद कर दिया गया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!