Chief Secretary Press Release on meeting with Prashant Kishor: जन सुराज पार्टी के इकलौते विधायक प्रशांत किशोर की बिहार सरकार के उच्च स्तरीय अधिकारियों के साथ गुरुवार को मीटिंग हुई। बैठक की तस्वीर पब्लिक डोमेन में आने पर सियासी गलियारे और मीडिया जगत में इसे प्रशांत किशोर की ताकत, हनक और आक्रामक रणनीति के रूप में देखा गया। खासकर सोशल मीडिया में पहली बार के विधायक पीके की अधिकारियों के साथ मीटिंग का मुद्दा जमकर उछला। इस पर कैबिनेट सचिवालय ने प्रेस विज्ञप्ति जाकर सफाई दी गई है। शुक्रवार को मुख्य सचिव कोषांग की ओर से पक्ष रखा गया।
बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर और बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के बीच गुरुवार को बैठक हुई। इसकी तस्वीर सामने आई तो मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, एडीजी, सेक्रेटरी और कमिश्नर रैंक के अधिकारी प्रशांत किशोर के साथ दिखे। एक दिन में ही मीडिया से लेकर राजनैतिक गलियारे में इस बैठक और तस्वीर पर इतनी हलचल मची कि अगले दिन शुक्रवार को मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से प्रेस रिलीज जारी कर स्थिति को स्पष्ट किया गया। इस प्रेस विज्ञप्ति को फोटो पर हुए राजनैतिक हलचल को लेकर सफाई के तौर पर देखा जा रहा है।
कैबिनेट सचिवालय के मुख्य सचिव कोषांग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि विधायक प्रशांत किशोर ने 20 अगस्त को पत्र भेजकर मुख्य सचिव से मुलाकात का समय मांगा था। उनके पत्र के आलोक में 27 अगस्त(गुरुवार) शाम पांच बजे का समय मीटिंग के लिए तय किया गया। जब विधायक पहुंचे तो मुख्य सचिव के चेंबर में एक अन्य बैठक चल रही थी जिसमें कई उच्च स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे। कैबिनेट सचिवालय के विजिटर रूम में मुख्य सचिव और विधायक के बीच मीटिंग हुई जिसमें पहले से पहुंचे हुए अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। प्रेस विज्ञप्ति में यह भी बताया गया है कि जन प्रतिनिधियों से विजिटर रूम में ही मुलाकात की जाती है।
प्रशांत किशोर की डिजिटल टीम ने मुख्य सचिव के साथ बैठक की तस्वीरें साझा की थी। मुलाकात को लेकर पीके ने कहा था कि पटना और बांकीपुर से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर अधिकारियों के साथ सकारात्मक बातचीत हुई। इससे पहले 18 अगस्त को डीजीपी विनय कुमार के साथ मुलाकात हुई थी जिसमें पटना में ट्राफिक समस्या और राज्य में सूखे नशे के प्रकोप पर चर्चा हुई। चीफ सेक्रेट्री के साथ हुई मीटिंग उसका फॉलोअप था। पीके ने बताया कि पटना के कार्डधारकों को 5 किलो अनाज देने, स्मार्ट सिटी के तहत नाली, गली, स्ट्रीट लाइट, वेंडिंग जोन और ड्रेनेज की समस्याओं पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर राशन की समस्या जल्द दूर करने का आश्वासन दिया। वहीं, नगर निगम के साथ मिलकर पटना की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में काम शुरू किया जाएगा।
बताते चलें कि 3 अगस्त को बांकीपुर उपचुनाव का रिजल्ट आने के बाद 17 अगस्त को प्रशांत किशोर ने विधायक के रूप में शपथ ली थी। पीके ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 19 हजार से अधिक वोटों से हराकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के गढ़ पर कब्जा कर लिया।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!