राम मंदिर में पहले और नये मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र की नियुक्ति की घोषणा बुधवार को हो गई। आने वाले कुछ समय ही संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (डिप्टी सीईओ) की भी तैनाती की जाएगी। यह जानकारी राम मंदिर ट्रस्ट के नये महासचिव नियुक्त हुए महंत गोविंद देव गिरि ने अपने पहले बयान में मीडिया से साझा की। उन्होंने कहा कि सर्च कमेटी ने अथक परिश्रम के साथ पारदर्शी प्रक्रिया से डिप्टी सीईओ के चयन की समस्या का समाधान कर दिया है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता के अनुसार डिप्टी सीईओ का सलेक्शन उपलब्ध कराए गये पैनल से हो जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि ट्रस्ट के प्रवक्ता के लिए जिस उपयुक्त नाम की तलाश है, वह अभी पूरी नहीं हुई है। इसके कारण प्रवक्ता का चयन स्थगित रखा गया है। जैसे ही उपयुक्त नाम की तलाश पूरी होगी वैसे घोषणा कर दी जाएगी। नये महासचिव श्री गिरि ने ट्रस्ट के तीन नये ट्रस्टियों का स्वागत करते हुए सर्च कमेटी के सदस्यों जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और वैज्ञानिक एवं उद्योगपति सुरेश हावड़े के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवनियुक्त ट्रस्टी डा. निर्मला यादव को लेकर कहा कि ट्रस्ट में आदिशक्ति के रूप में उनके पदार्पण से परिपूर्णता आ गयी है। उन्होंने कहा कि हमें बना बनाया मंदिर सेवा के लिए मिला है। हमारा मुख्य लक्ष्य अयोध्या को विश्व की सांस्कृतिक राजधानी बनाना है। इसके लिए राम मंदिर के वातावरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाना होगा और राम मंदिर की सेवा पद्धति को अनुकरणीय बनाना होगा।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के चयन को लेकर सर्च कमेटी द्वारा ट्रस्ट को दिए 6 नाम में से पहली और दूसरी पायदान पर सेना के अफसर ही रहे। सर्च कमेटी ने छह नामों का पैनल सौंपा है। इनमें तीन नाम पहली प्राथमिकता और तीन नाम दूसरी प्राथमिकता के तौर पर रखे गए हैं। सर्च कमेटी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि पहली प्राथमिकता वाले तीनों अधिकारी सीईओ पद का दायित्व संभालने से इनकार करते हैं तो ट्रस्ट दूसरी प्राथमिकता वाले तीन नामों पर क्रमशः विचार कर सकता है। दूसरी पायदान पर मेजर जनरल संजय प्रताप सिंह विश्वास राव का नाम रखा।
ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने बुधवार को बताया कि सर्च कमेटी ने 1 सितंबर को अपनी विस्तृत रिपोर्ट के साथ छह नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंपा था। इसमें तीन नामों को पहली प्राथमिकता तथा तीन नामों को दूसरी प्राथमिकता के पैनल में रखा गया है। कमेटी की सिफारिश के अनुसार पहले पैनल के किसी नाम के पदभार ग्रहण करने से इनकार करने की स्थिति में क्रम के आधार पर अगले नाम पर विचार किया जा सकता है। कृष्ण मोहन के मुताबिक, पहली प्राथमिकता वाले पैनल में एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र का नाम सबसे ऊपर था। इसके बाद दूसरे स्थान पर मेजर जनरल संजय प्रताप सिंह विश्वास राव और तीसरे स्थान पर श्रुति भारद्वाज का नाम रखा गया है।
उन्होंने बताया कि सीईओ पद के लिए आए 5500 से अधिक आवेदनों में से सर्च कमेटी ने लंबी प्रक्रिया के बाद छह नामों को शॉर्टलिस्ट किया। कमेटी में शामिल सदस्यों और इसके सचिव समीर पांडा ने इस पूरी चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। आवेदनों की बड़ी संख्या में से योग्य उम्मीदवारों की छंटनी के बाद छह नामों को अंतिम रूप देकर ट्रस्ट के सामने रखा गया। जिसमें से न्यास ने एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र के नाम की घोषणा कर दी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!