समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की छह सितंबर को सहारनपुर में प्रस्तावित रैली स्थगित होने के कुछ घंटे बाद ही उनके सहारनपुर दौरे का कार्यक्रम सामने आने से जिले की सियासत गरमा गई है। छह सितंबर की रैली को भारी बारिश की संभावना और मौसम विभाग के अलर्ट का हवाला देकर टाल दिया गया है। वहीं, अब अखिलेश यादव दो सितंबर को सपा के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रूद्रसैन के आवास पर पहुंचेंगे। रैली स्थगित होने और यकायक अखिलेश के सहारनपुर दौरे का कार्यक्रम जारी होने को लेकर पार्टी के भीतर और बाहर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
रैली संयोजक एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रूद्रसैन ने बुधवार दोपहर बातचीत में कहा कि छह सितंबर को भारी बारिश की संभावना तथा मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए रैली स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से विचार-विमर्श के बाद रैली की नई तिथि तय की जाएगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक रैली अक्तूबर के अंतिम सप्ताह या नवंबर के पहले सप्ताह में हो सकती है।
रैली स्थगित होने की घोषणा के साथ ही इसके कारणों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। पार्टी के भीतर चल रही कथित खींचतान को भी रैली स्थगित होने से जोड़कर देखा जाने लगा। हालांकि आयोजकों ने मौसम को ही रैली टालने की वजह बताया है।
मंगलवार शाम नकुड़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके सपा नेता साहिल खान की सोशल मीडिया पोस्ट ने भी इन चर्चाओं को हवा दी थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली को आयोजकों की ओर से निजी कार्यक्रम की तरह सीमित रखा गया है। उन्होंने इसे स्पष्ट किए जाने की मांग की थी कि कार्यक्रम पार्टी की रैली है या निजी आयोजन। उनकी पोस्ट दिनभर सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही।
बुधवार शाम उस समय राजनीतिक हलचल और बढ़ गई, जब रैली स्थगन के बाद सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सहारनपुर दौरे का कार्यक्रम सामने आया। रैली स्थगित होने के कुछ घंटे बाद जारी कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव दो सितंबर को दिल्ली रोड स्थित स्टेट बैंक कॉलोनी में चौधरी रूद्रसैन, चौ इन्द्रसेन के आवास पर पहुंचेंगे। अखिलेश यादव दोपहर 12:45 बजे से 1:45 बजे तक चौधरी रूद्रसैन के आवास पर रहेंगे।
गंगोह विधानसभा प्रभारी चौधरी इंद्रसेन ने रैली स्थगित होने पर कार्यकर्ताओं से मायूस नहीं होने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें और संगठन को मजबूत करने में जुटे रहें। रैली की नई तारीख घोषित होने के बाद तैयारियां दोबारा शुरू की जाएंगी। फिलहाल छह सितंबर की रैली स्थगित हो चुकी है, लेकिन दो सितंबर को अखिलेश यादव के सहारनपुर दौरे ने जिले की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। अब नजर इस बात पर है कि रैली की नई तारीख कब घोषित होती है और अखिलेश के दो सितंबर के दौरे में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ क्या राजनीतिक संदेश सामने आता है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!