कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ा कि सड़क पर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पूर्व चेयरमैन माया वाल्मीकि के घर के बाहर नाली निर्माण का काम कराया जा रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद को शांत कराने का प्रयास किया।
जल निकासी की समस्या को लेकर वार्ड नंबर नौ में पहुंचीं मौजूदा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा रानी कबीर और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष माया वाल्मीकि के बीच बृहस्पतिवार को विवाद हो गया। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के दौरान ईंट लेकर मारने का भी प्रयास किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को शिकायती पत्र दिए गए हैं।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:45 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष आशा रानी कबीर कर्मचारियों और जेसीबी के साथ वार्ड नंबर नौ के बस स्टैंड नई बस्ती इलाके में जलभराव की स्थिति देखने पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने जल निकासी की समस्या की शिकायत की थी। इसी दौरान नाली का पानी रोकने को लेकर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष माया वाल्मीकि से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक काफी देर तक दोनों पक्षों में विवाद चलता रहा। इस दौरान ईंट उठाकर मारने का प्रयास भी किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची, तब तक स्थिति सामान्य हो चुकी थी।
नाली पर निर्माण को लेकर बढ़ा विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक नाली पर पट्टी बनी होने से जल निकासी प्रभावित हो रही थी। दो दिन पहले नगर पंचायत कर्मियों ने पट्टी हटाई थी। इसके बाद पूर्व अध्यक्ष माया वाल्मीकि की ओर से घर के सामने नाली के पास नया निर्माण कराए जाने की बात सामने आई। इसी की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत की टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
पूर्व अध्यक्ष बोलीं- मकान और गार्डन गिराने पहुंची थीं
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष माया वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि मौजूदा अध्यक्ष उनके मकान को गलत तरीके से बना होने और नाली पर ईंटों की पट्टियां व गार्डन होने की बात कहकर गिराने की कोशिश कर रही हैं। उनका आरोप है कि जब वह राठ में एक कार्यक्रम में गई थीं, तब टीम ने जेसीबी चलाकर मकान को भी प्रभावित किया था। माया वाल्मीकि के मुताबिक बृहस्पतिवार को भी इसी उद्देश्य से टीम पहुंची थी। विरोध करने पर अध्यक्ष ने उनका हाथ पकड़कर घसीटा और मारपीट की।
अध्यक्ष बोलीं- नाली खुलवाने पर ईंट लेकर मारने दौड़ीं
नगर पंचायत अध्यक्ष आशा रानी कबीर ने आरोप लगाया कि वार्डवासियों की जलभराव की शिकायत पर वह कर्मचारियों और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची थीं। उनके मुताबिक नाली में गुम्मा लगाकर पानी रोका गया था। इसे हटाकर जल निकासी शुरू कराने की बात कहने पर माया वाल्मीकि ने गाली-गलौज शुरू कर दी और ईंट लेकर मारने के लिए दौड़ीं। अध्यक्ष ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट का भी आरोप लगाया है।
गृहकर प्रभारी ने भी पुलिस को दिया शिकायती पत्र
गृहकर प्रभारी अनुरुद्ध पांडेय ने भी पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। उनका आरोप है कि वह अध्यक्ष और जेई के साथ जल निकासी का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान पूर्व अध्यक्ष माया वाल्मीकि अध्यक्ष से विवाद करने लगीं और उनके साथ भी अपशब्द कहे। अनुरुद्ध पांडेय ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट के लिए दौड़ने और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी गई। उन्होंने खुद को सवर्ण वर्ग का बताते हुए झूठे मुकदमे में फंसाए जाने की आशंका जताई है।
वार्ड के लोगों ने भी लगाए आरोप
वार्ड नंबर नौ के बस स्टैंड नई बस्ती निवासी सत्येंद्र सिंह, उमेश, मुंशीलाल, रंजना समेत अन्य लोगों ने कहा कि पूर्व अध्यक्ष के घर के सामने नाली जाम होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। उनके मुताबिक इसी समस्या की शिकायत वार्ड के लोगों ने नगर पंचायत से की थी। लोगों ने पूर्व अध्यक्ष और उनके पति पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में कुछ स्थानीय लोगों के अध्यक्ष के पक्ष में लामबंद होने की बात भी सामने आई है।
दोनों पक्षों से मिले शिकायती पत्र
थानाध्यक्ष कुरारा प्रिंस दीक्षित ने बताया कि वार्ड नंबर नौ में विवाद की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। स्थिति सामान्य थी। दोनों पक्षों की ओर से शिकायती पत्र मिले हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!