उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के लालगंज थानाक्षेत्र में तैनात महिला सिपाही केसरी वर्मा की मौत मामले में एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस कार्यालय के दो कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। महिला सिपाही के पति नागेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया है कि सिर में चोट लगने के बाद इलाज के लिए छुट्टी मांगी गई थी, लेकिन एसपी ऑफिस के दो कर्मियों ने छुट्टी देने से मना कर दिया था। एसपी ने आरोपों की जांच सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह को सौंपी है। उन्होंने बताया कि प्रकरण में प्रचलित जांच की शुचिता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए प्रथमदृष्टया पुलिस कार्यालय में नियुक्त उर्दू अनुवादक अब्बास अली और आरक्षी दीपक मिश्रा को तात्कालिक प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बीते शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे सिपाही केसरी वर्मा के पति नागेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया था कि सिर में चोट लगने के बाद भी पत्नी को इलाज के लिए पर्याप्त छुट्टी नहीं मिल सकी। नागेंद्र के अनुसार उनकी पत्नी केसरी गत 27 अगस्त को छुट्टी का आवेदन देने के लिए एसपी ऑफिस गई थीं। आरोप है कि वहां दो कर्मियों ने कथित तौर पर उन्हें यह कहते हुए छुट्टी देने से मना कर दिया गया कि ईएल नहीं होगा और मेडिकल लीव भी नहीं मिलेगी। जबकि छुट्टी के आवेदन के साथ मेडिकल रिपोर्ट और सीटी स्कैन भी लगाए गए थे।
रिपोर्ट में सिर में चोट और टांके लगने का जिक्र भी था। छुट्टी नहीं मिलने के कारण केसरी थाने पर लौट आई थी। शनिवार सुबह करीब चार बजे केसरी वर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। केसरी के सिपाही पति के आरोपों का संज्ञान लेते हुए एसपी ने प्रकरण में दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर जांच का आदेश दिया है।
प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र के बसखोरी गांव की रहने वाली केसरी वर्मा 2018 बैच की सिपाही थीं और उनके पति अमेठी जिले के संग्रामपुर थानांतर्गत वनबीरपुर के रहने वाले नागेंद्र वर्मा 2020 बैच के सिपाही हैं। दोनों का विवाह वर्ष 2023 में हुआ था। बीते 18 दिसम्बर 2025 को केसरी ने लालगंज थाने में कार्यभार ग्रहण किया था और पति-पत्नी एक ही थाने में तैनात थे। दोनों बनकटी में किराए का मकान लेकर दोनों साथ रहते थे।
पुलिस के अनुसार महिला सिपाही केसरी वर्मा छुट्टी पर गई हुई थी। 22 अगस्त को ड्यूटी पर लौटने के लिए वह अपने मायके प्रतापगढ़ से रेलवे स्टेशन के लिए अपने भाई के साथ बाइक से जा रही थीं। इसी दौरान हुए हादसे में घायल हो गईं थी। सिर में चोट आने के कारण इलाज के बाद वह वापस थाना लालगंज लौट आईं थी। केसरी वर्मा का इलाज चल रहा था। छुट्टी न मिलने के कारण वह ड्यूटी भी कर रही थी। शुक्रवार की देर रात 3 बजे उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। शनिवार की भोर में करीब चार बजे पति नागेंद्र उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!